समीर सिद्दीकी होंगे मुख्य अतिथि, मौलाना मसूद अहमद मिस्बाही करेंगे सीरत-उन-नबी पर खिताब
गोरखपुर। मियां साहिब इस्लामिया इंटर कॉलेज का सालाना समारोह एवं जलसा सीरत-उन-नबी 29 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। पांच दिवसीय कार्यक्रम में शैक्षिक, वैज्ञानिक और दीनी प्रतियोगिताओं के साथ प्रदर्शनी एवं पुरस्कार वितरण समारोह भी होगा। इसमें गोरखपुर के अलावा राज्य के विभिन्न जिलों के स्कूल, कॉलेज और मदरसों के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे।
कॉलेज के प्रिंसिपल मुख्तार अहमद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 29 और 30 नवंबर को नॉन-ट्रेडिशनल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें साइंस क्विज, साइंटिफिक मॉडल प्रदर्शनी, ड्राइंग और डिबेट प्रतियोगिताएं प्रमुख हैं। इन प्रतियोगिताओं में गोरखपुर के सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ राज्य स्तरीय संस्थानों को भी नियमानुसार भाग लेने का अवसर मिलेगा।
कन्वीनर रिजवान-उल-हक ने बताया कि एक दिसंबर को मगरिब की नमाज के बाद दीनी-तालीमी प्रदर्शनी के साथ जलसे का औपचारिक शुभारंभ होगा। मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं आईएएस ट्रेनर समीर सिद्दीकी होंगे। वह उद्घाटन से पहले अभिभावकों से संवाद करेंगे और मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी करेंगे।
दो दिसंबर को गोरखपुर नगर स्तरीय किरात, इस्लामिक क्विज, भाषण और नात प्रतियोगिताएं होंगी। मकतब और स्कूल के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग वर्ग बनाए जाएंगे। इसी दिन शाम से राज्य स्तरीय नात प्रतियोगिता शुरू होगी। तीन दिसंबर को किरात, इस्लामिक क्विज और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। मगरिब की नमाज के बाद पुरस्कार वितरण समारोह से पहले मौलाना मसूद अहमद मिस्बाही सीरत-उन-नबी के विषय पर जनसभा को संबोधित करेंगे।
कॉलेज के मैनेजर महबूब सईद हारिस ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि कार्यक्रम की तैयारियों में प्रबंधन से लेकर छात्र-छात्राओं तक सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि एक दिसंबर को कॉलेज की वार्षिक पत्रिका 'परवाज' के अगले अंक का विमोचन भी मुख्य अतिथि करेंगे। संयुक्त कन्वीनर अनीस अहमद ने बताया कि प्रतियोगिताओं में शामिल होने वाली टीमों से संपर्क किया जा रहा है। जिन संस्थानों तक आमंत्रण पत्र नहीं पहुंचा है, वे कॉलेज पहुंचकर अथवा फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
