बच्चों के चेहरों पर बिखरी ईद मिलादुन्नबी की खुशियां, गौसिया मदरसे में बांटे नए कपड़े


गोरखपुर। ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मुबारक मौके पर इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी की ओर से मानबेला स्थित गौसिया मदरसे में बच्चों के बीच नए कपड़े, फल और मिठाइयां वितरित कर खुशियां साझा की गईं। कार्यक्रम कमेटी के जिलाध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मदरसे में सेमिनार का भी आयोजन हुआ, जिसमें पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद मुस्तफा ﷺ की सीरत और उनके इंसानियत, मोहब्बत व अमन के पैगाम पर चर्चा की गई।

सेमिनार को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद ने कहा कि रबीउल अव्वल का महीना पूरी दुनिया के मुसलमानों के लिए बेहद खुशी और अकीदत का महीना है। इसी मुबारक महीने में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद मुस्तफा ﷺ दुनिया में तशरीफ लाए। उनकी पैदाइश की खुशी में लोग अपने-अपने तरीके से जश्न मनाकर उनके पैगाम को याद करते हैं।

उन्होंने कहा कि कमेटी ने तय किया कि ईद मिलादुन्नबी ﷺ की खुशियां मदरसे के बच्चों के साथ भी साझा की जाएं। इसी उद्देश्य से यौमे पैदाइश से एक दिन पहले बच्चों को नए कपड़े दिए गए, ताकि वे ईद मिलादुन्नबी ﷺ के दिन नए कपड़े पहनकर खुशी के साथ कार्यक्रमों में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटना और जरूरतमंदों की मदद करना कमेटी की प्राथमिकताओं में शामिल है।

महासचिव हाजी सोहराब खान ने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद ﷺ पूरी इंसानियत के लिए रहमत बनकर दुनिया में तशरीफ़ लाए। उनकी जिंदगी इंसानियत, मोहब्बत, भाईचारे और अमन का संदेश देती है। उनकी शिक्षाओं को अपनाकर समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।

गौसिया मदरसे के प्रबंधक हाफिज हदीस अहमद ने कमेटी का आभार जताते हुए कहा कि बच्चों को नए कपड़े, फल और मिठाइयां बांटने का यह प्रयास सराहनीय है। रबीउल अव्वल के मुबारक मौके पर कमेटी के पदाधिकारियों का मदरसे में आना बच्चों और मदरसे के लिए खुशी की बात है।

इस मौके पर आफताब अहमद, शकील शाही, डॉ. जावेद खान, मोहम्मद नदीम, अशफाक हुसैन मेकरानी, शाहिद खान और मोहम्मद वसीम मौजूद रहे।

उपाध्यक्ष शकील शाही ने बताया कि 26 अगस्त को इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी के तत्वावधान में जाफरा बाजार में जुलूस-ए-मुहम्मदी ﷺ का स्वागत किया जाएगा।

Syed Farhan Ahmad

अस्सलामु अलैकुम व रहमतुल्लाहि व बरकातुहू। मैं सैयद फ़रहान अहमद हूँ। इस ब्लॉग के माध्यम से इस्लामी जानकारी, सीरतुन्नबी ﷺ, कुरआन व हदीस की शिक्षाएँ, इतिहास, शिक्षा तथा सामाजिक विषयों पर प्रमाणिक और उपयोगी लेख साझा करता हूँ। हमारा उद्देश्य ज्ञान को सरल भाषा में अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने