13 दिन के संघर्ष के बाद बनी सहमति, शहीद ठाकुर रोशन सिंह कीर्ति रक्षा आंदोलन स्थगित


 शासन के प्रतिनिधि सिद्धार्थनाथ सिंह से वार्ता के बाद आंदोलनकारियों को मिला आश्वासन

प्रयागराज। अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह की गौरवशाली विरासत और ऐतिहासिक स्मृतियों के संरक्षण की मांग को लेकर 13 दिनों से चल रहा महुआ डाबर संग्रहालय का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को स्थगित कर दिया गया। उत्तर प्रदेश शासन के प्रतिनिधि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह धरनास्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों के साथ वार्ता कर उनकी मांगों पर शासन स्तर से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

वार्ता से पूर्व सिद्धार्थनाथ सिंह ने अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद महुआ डाबर संग्रहालय के महानिदेशक एवं क्रांतिकारी शहीद वंशज डॉ. शाह आलम राना सहित आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।

आंदोलनकारियों ने शहीद ठाकुर रोशन सिंह की कीर्ति और स्मृतियों को संरक्षित करने के लिए आठ सूत्रीय मांगें शासन के समक्ष रखीं। इनमें मंडलीय चिकित्सालय ‘स्वरूप रानी नेहरू’ का नाम ‘अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह चिकित्सालय’ किए जाने की मांग प्रमुख रही। इसके साथ ही शहीद ठाकुर रोशन सिंह पार्क एवं प्रतिमा स्थल के संरक्षण तथा वहां मौजूद ऐतिहासिक त्रुटियों को दूर करने की मांग की गई।

सिविल लाइन्स चौराहे का नाम ‘अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह चौराहा’ करने, 19 दिसंबर 2026 से शुरू होने वाले बलिदान शताब्दी वर्ष पर राजकीय कार्यक्रम आयोजित करने और शस्त्र सलामी देने की मांग भी रखी गई। मंडलीय चिकित्सालय को आधुनिक एवं आदर्श चिकित्सालय के रूप में विकसित करने की मांग भी आंदोलन का हिस्सा रही।

आंदोलनकारियों ने मलाका जेल से संबंधित प्रमाणिक दस्तावेजों के आधार पर शोध ग्रंथ प्रकाशित कराने, शहीद प्रतिमा स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग की। इसके अलावा ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान स्थल को स्वतंत्रता संग्राम सर्किट में शामिल कर उत्तर प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर दर्ज कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

शासन की ओर से मांगों पर मिले आश्वासन के बाद 13वें दिन आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया गया। धरने के संयोजक डॉ. अवनीश सिंह ने संघर्ष में साथ देने वाले सभी साथियों और सहयोगियों को याद करते हुए उनके प्रति आभार जताया।

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि धरना स्थगित किया गया है और शहीद ठाकुर रोशन सिंह की स्मृति, सम्मान एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

Syed Farhan Ahmad

अस्सलामु अलैकुम व रहमतुल्लाहि व बरकातुहू। मैं सैयद फ़रहान अहमद हूँ। इस ब्लॉग के माध्यम से इस्लामी जानकारी, सीरतुन्नबी ﷺ, कुरआन व हदीस की शिक्षाएँ, इतिहास, शिक्षा तथा सामाजिक विषयों पर प्रमाणिक और उपयोगी लेख साझा करता हूँ। हमारा उद्देश्य ज्ञान को सरल भाषा में अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने